home page

पुलिस मुठभेड़ में जहरखुरान गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस व नकदी बरामद

 | 
पुलिस मुठभेड़ में जहरखुरान गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस व नकदी बरामद


जौनपुर,07 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में शाहगंज पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के दौरान जहरखुरानी कर लूटपाट करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और 9000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पंकज निषाद निवासी जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। इस संबंध में मंगलवार को जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी शाहगंज अजीत सिंह ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर चिरैया मोड़ रेलवे लाइन के पास घेराबंदी की गई।मुठभेड़ के दौरान पंकज निषाद को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से 0.315 बोर का तमंचा कारतूस और 9000 रुपये नकद बरामद हुए हैं।पूछताछ में अभियुक्त ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रेन और रोडवेज बस से उतरने वाले यात्रियों को वाहन सुविधा का झांसा देकर अपनी चार पहिया गाड़ी में बैठाता था। इसके बाद उन्हें नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर देता और उनका सामान लूट लेता था।आरोपित ने यह भी स्वीकार किया कि बरामद 9000 रुपये 18 मार्च 2026 को शाहगंज रोडवेज से एक वृद्ध महिला को नशा देकर लूटे गए धन का हिस्सा है। उसने बताया कि वह अपने साथियों के साथ फिर से वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज भेजा गया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। इस संबंध में थाना शाहगंज में बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव