home page

आगरमालवाः नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी कर्नाटक से गिरफ्तार

 | 
आगरमालवाः नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी कर्नाटक से गिरफ्तार


आगरमालवा, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले के पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के गंभीर प्रकरण में वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सैकड़ों किलोमीटर दूर छिपे आरोपी को कर्नाटक से गिरफ्तार कर ट्रांजिट वारंट पर लाकर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

पुलिस शनिवार को बताया कि बड़ौद पुलिस थाना क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका के संबंध में चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान गर्भवती होने की जानकारी प्राप्त होने पर पुलिस द्वारा बालिका एवं उसके परिजनों से की गई विधिवत पूछताछ व अनुसंधान में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने सोशल मीडिया के माध्यम से बालिका से संपर्क स्थापित कर उसे बहला-फुसलाकर विभिन्न अवसरों पर सुनसान स्थान पर बुलाया तथा धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। प्राप्त तथ्यों के आधार पर पुलिस थाना बड़ौद में भारतीय न्याय संहिता एवं पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल विवेचना प्रारंभ की गई। अनुसंधान के दौरान आरोपी कृष्णपाल सिंह (21) पुत्र मेहरबान सिंह सोंधिया निवासी ग्राम छायन पुलिस थाना बड़ौद के कर्नाटक जिला कलबुर्गी (गुलबर्गा) में होने की पुष्टि होने पर पुलिस टीम को तत्काल रवाना किया गया। पुलिस टीम ने कर्नाटक पहुंचकर विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी उपरांत आरोपी को माननीय न्यायालय, कलबुर्गी (कर्नाटक) के समक्ष प्रस्तुत कर ट्रांजिट वारंट प्राप्त किया गया तथा समस्त वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए आरोपी को मध्य प्रदेश लाकर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा