कोलावल रायपुर खदान हत्याकांड का खुलासा, संयुक्त टीम ने आरोपित को दबोचा
बांदा, 28 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में थाना गिरवां व एसओजी की संयुक्त टीम ने कोलावल रायपुर खदान में हुई सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।
24/25 फरवरी 2026 की रात थाना गिरवां क्षेत्र के कोलावल रायपुर खदान में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 25 फरवरी को मृतक के परिजनों (निवासी थाना खन्ना, जनपद महोबा) द्वारा थाना गिरवां में तहरीर देकर हत्या की सूचना दी गई थी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा अवैध शस्त्रों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 28 फरवरी 2026 को थाना गिरवां पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्य, भौतिक सत्यापन और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपित मोहित पुत्र नवल किशोर, निवासी ग्राम टीहर, थाना बिवार, जनपद हमीरपुर को स्योढा पुल, थाना गिरवां क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि पूर्व में हुई एक दुर्घटना को लेकर उसका मृतक से पुराना विवाद चल रहा था। उसी रंजिश के चलते उसने योजनाबद्ध तरीके से हत्या की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा, एक खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
इस बारे में थाना गिरवां के प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि हत्या के मामले का सफल अनावरण कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

