टाइगर रिजर्व में बंदरों के अवैध शिकार के मामले में ओडिशा के चार फरार आरोपित गिरफ्तार
वन विभाग की संयुक्त टीम ने ओडिशा पहुंचकर की कार्रवाई, सभी सात आरोपित जेल में
धमतरी, 18 नवंबर (हि.स.)। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन्यप्राणी लंगूर के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ओडिशा के चार फरार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्र तौरेंगा के क्षेत्राधिकारी केजूराम कोरचे की अहम भूमिका रही, जिनके नेतृत्व में टीम ने ओडिशा पहुंचकर फरार आरोपितों को पकड़ा। मामला 25 अक्टूबर का है, जब टाइगर रिजर्व के वन परिक्षेत्र तौरेंगा अंतर्गत परिसर गरीबा के आरक्षित वन क्षेत्र कक्ष क्रमांक 1200 में दो मादा बंदरों का अवैध शिकार किया गया था। वन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके से 13.800 किलोग्राम कच्चा मांस, अपराध में इस्तेमाल एक कुल्हाड़ी, चार हुरी, एक पनसुल और एक मोटरसाइकिल जब्त की थी।
मामले में संलिप्त तीन आरोपितों को 26 और 27 अक्टूबर को गिरफ्तार कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, गरियाबंद के न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इसके बाद फरार चल रहे चार अन्य सह-आरोपितों की तलाश जारी थी। वन विभाग की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर 17 नवंबर को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, गरियाबंद के न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल दाखिल किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में भुशा (50), बनमाली सांता (51), सोलन्दर सांता (26), लालु सांता (54), किशोर उर्फ केशर सांता (34), राजू उर्फ राधु म सांता (38) तथा केन्दु उर्फ बदि सांता (37) शामिल हैं। सभी आरोपित ग्राम कबाटपानी, ग्राम पंचायत मुंडीबेड़ा, पोस्ट गोना, थाना एवं तहसील रायघर, जिला नवरंगपुर (ओडिशा) के निवासी हैं। इनके विरुद्ध वन्यप्राणी (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा के तहत वन अपराध दर्ज किया गया है। कार्रवाई में वनक्षेत्रपाल केजूराम कोरचे, उपवनक्षेत्रपाल गौरीशंकर भोई, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी गाजीमुड़ा, वनरक्षक पुरुषोत्तम सहित अन्य वनकर्मियों एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का सहयोग रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

