जबलपुर : फेसबुक पोस्ट पर मचा बवाल, आरोपी पर देशद्रोह का केस दर्ज करने की मांग
जबलपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक फेसबुक पोस्ट सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। पोस्ट से नाराज हिंदू धर्म सेना जबलपुर महानगर के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अधारताल थाने में लिखित शिकायत और ज्ञापन सौंपा है।
जानकारी के अनुसार, सतना निवासी जितेंद्र चौधरी नामक युवक ने फेसबुक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर पर माला चढ़ाकर उसके साथ ‘भावपूर्ण श्रद्धांजलि’ लिखी पोस्ट की। इस पोस्ट के सामने आने के बाद हिंदू धर्म सेना के कार्यकर्ताओं ने कड़ी नाराजगी जताई। संगठन का आरोप है कि प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की आपत्तिजनक पोस्ट करना गंभीर अपराध है।
हिंदू धर्म सेना ने पुलिस प्रशासन से आरोपी जितेंद्र चौधरी को तत्काल गिरफ्तार करने और उसके खिलाफ देशद्रोह समेत अन्य धाराओं में कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह की आपत्तिजनक और भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

