प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट,नामजद मुकदमा दर्ज
फर्रुखाबाद, 05 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने के मामले में राजेपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले में जांच करते हुए आरोपित की तलाश में जुट गई है।
दारापुर निवासी रूद्र प्रताप सिंह ने रविवार को थाना राजेपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव के पंकज यादव ने फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया है। जिसमें प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी के खिलाफ अभद्र एवं अश्लील भाषा का प्रयोग किया गया।
शिकायत के बाद राजेपुर थाना पुलिस ने नामजद प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर ली है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपी पहले भी इस तरह के विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करता रहा है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
राजेपुर कोतवाल ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए हैं। इस मामले की जांच निरीक्षक कामता प्रसाद को सौंपी गई है।
मामले में निरीक्षक कामता प्रसाद ने बताया कि साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

