दतियाः हनीट्रैप कर दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की साजिश का खुलासा, चार आरोपित गिरफ्तार
दतिया/उनाव, 05 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले के थाना उनाव पुलिस ने हनीट्रैप के जरिए दुष्कर्म के झूठे प्रकरण में फंसाकर 20 लाख रुपये की उगाही का प्रयास करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपितों को घटना के महज पांच घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चार मोबाइल फोन और एक काली स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है। मामले में दो अन्य आरोपित फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
बुधवार को थाना प्रभारी निरीक्षक यतेंद्र भदौरिया ने बताया कि झांसी जिले के बेहटा निवासी अजय पाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि तीन अगस्त की शाम वह मोटरसाइकिल से इंदरगढ़ जा रहे थे। झांसी-उनाव मार्ग स्थित घिसलनी पुलिया के पास एक स्कॉर्पियो वाहन में सवार लोगों ने उन्हें जबरन वाहन में बैठा लिया। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई और वाहन में एक युवती को बैठाकर उन पर दुष्कर्म का झूठा आरोप लगाने की धमकी दी गई।
शिकायत के अनुसार आरोपितों ने पीड़ित से जबरन स्वीकारोक्ति का वीडियो भी बनाया और उसे वायरल करने तथा दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने की धमकी देकर 20 लाख रुपये की मांग की। बाद में खैरी माता मंदिर के पास उसे छोड़ दिया गया। अगले दिन एक मोबाइल नंबर से कॉल कर रुपये की व्यवस्था करने का दबाव बनाया गया, जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।
शिकायत के आधार पर थाना उनाव में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मनीष वंशकार, अजय गौतम उर्फ अजय अंबे, भजन अहिरवार और सचिन अहिरवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़े दो अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार/संतोष तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

