home page

पीएफ और एक्सपीरियंस सर्टिफिकेट के बदले रिश्वत मांगने वाला प्लेसमेंट एजेंसी कर्मचारी एसीबी के हत्थे चढ़ा

 | 
पीएफ और एक्सपीरियंस सर्टिफिकेट के बदले रिश्वत मांगने वाला प्लेसमेंट एजेंसी कर्मचारी एसीबी के हत्थे चढ़ा


जयपुर, 29 मई (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) जयपुर मुख्यालय टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्वयंसेवी संस्था से जुड़ी प्लेसमेंट एजेंसी के कर्मचारी को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला कर्मचारी को उसका अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने और पीएफ व यूएएन नंबर रजिस्टर्ड कराने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था।

एसीबी डीजी गोविंद गुप्ता के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अनिल दुर्गापुरा स्थित ‘डायनेमिक मैनपावर सिक्योरिटी सर्विसेज’ नामक प्लेसमेंट एजेंसी में कार्यरत है। पीड़ित महिला को अपने पीएफ से संबंधित कार्य और अनुभव प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। आरोप है कि आरोपी लंबे समय से इन कार्यों को करने के एवज में महिला से मोटी रिश्वत मांग रहा था और उसे लगातार परेशान कर रहा था।

परेशान होकर महिला ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने गोपनीय तरीके से शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि सही पाई गई। इसके बाद एसीबी ने आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई।

बताया गया कि आरोपी ने महिला को रिश्वत की राशि लेकर अपने घर बुलाया था। एसीबी टीम ने पहले से निगरानी रखी हुई थी। जैसे ही आरोपी ने अपने चार मंजिला मकान के बेसमेंट में बने ऑफिस एरिया में महिला से 40 हजार रुपए नकद लिए, टीम ने तुरंत दबिश देकर उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मौके से रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली गई।

एसीबी अधिकारियों के मुताबिक आरोपी अनिल को गिरफ्तार कर मुख्यालय लाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में संबंधित एनजीओ और प्लेसमेंट एजेंसी के अन्य पदाधिकारियों व कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच में इस रैकेट से जुड़े अन्य खुलासे भी हो सकते हैं। पुलिस नियमानुसार आरोपी का मेडिकल करवाने के बाद शनिवार को उसे एसीबी मामलों की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश