शिमला : 65 दिनों में 28 आदतन चिट्ठा तस्कर नजरबंद
शिमला, 07 मार्च (हि.स.)। जिला शिमला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आदतन तस्करों पर शिकंजा कसना तेज कर दिया है। जिला पुलिस शिमला ने बताया कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले 65 दिनों में पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत 28 आदतन चिट्ठा तस्करों के खिलाफ डिटेंशन ऑर्डर लागू कर उन्हें नजरबंद कर जेल भेजा जा चुका है। इसी कड़ी में शनिवार को भी चार आदतन नशा तस्करों को निरुद्ध कर जेल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार इनमें कुमारसैन क्षेत्र के रहने वाले 55 वर्षीय अनिल कुमार उर्फ नीलू को पुलिस थाना कुमारसैन ने निरुद्ध किया है। उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं, जिनमें वर्ष 2015 में कुल्लू जिले के आनी थाना क्षेत्र में करीब 7 किलो 800 ग्राम चूरा पोस्त बरामद होने का मामला शामिल है।
इसके अलावा वर्ष 2019 में कुमारसैन में लगभग 48 ग्राम अफीम और 67 ग्राम चरस बरामद हुई थी तथा वर्ष 2023 में उसके पास से करीब 194 ग्राम चरस भी बरामद की गई थी। पुलिस ने विकास नगर शिमला निवासी 29 वर्षीय मोहित वर्मा को भी छोटा शिमला थाना क्षेत्र से निरुद्ध किया है, जिसके खिलाफ 2021 में करीब 2.15 ग्राम हेरोइन यानी चिट्टा और 12 ग्राम चरस बरामद होने का मामला दर्ज है, जबकि वर्ष 2024 में उसके पास से करीब 16.34 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। इसी तरह ठियोग क्षेत्र के शालीन (चमरोट) निवासी 35 वर्षीय अंकुश कुमार को भी छोटा शिमला पुलिस ने हिरासत में लेकर PIT NDPS एक्ट के तहत नजरबंद किया है। उसके खिलाफ 2023 में छोटा शिमला थाना क्षेत्र में करीब 21.40 ग्राम चिट्टा बरामद होने का मामला दर्ज है, वहीं 2023 में ही हरियाणा के पंचकुला के सेक्टर-20 थाना क्षेत्र में करीब 6.25 ग्राम हेरोइन बरामद होने का मामला भी दर्ज हुआ था। इसके अलावा 2024 में छोटा शिमला थाना क्षेत्र में उससे करीब 11.43 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। चौथा आरोपी चिरगांव क्षेत्र के सुनधा गांव का रहने वाला 39 वर्षीय राजीव कुमार है, जिसे चिरगांव पुलिस ने निरुद्ध किया है। उसके खिलाफ भी 2023 में करीब 3.78 ग्राम और 2024 में करीब 9.25 ग्राम हेरोइन बरामद होने के मामले दर्ज हैं।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया है कि नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और आदतन नशा तस्करों को पीआईटी के एनडीपीएस एक्ट के तहत नजरबंद करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं नशे के अवैध कारोबार या मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, जिससे समाज को नशे की इस गंभीर समस्या से बचाने में पुलिस और जनता मिलकर काम कर सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

