home page

पिपरा में एक ही रात हत्या और तीन जगह चोरी, इलाके में दहशत

 | 
पिपरा में एक ही रात हत्या और तीन जगह चोरी, इलाके में दहशत


पिपरा में एक ही रात हत्या और तीन जगह चोरी, इलाके में दहशत


पिपरा में एक ही रात हत्या और तीन जगह चोरी, इलाके में दहशत


सुपौल, 19 अक्टूबर (हि.स.)।

जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते हौसले से लोगों में दहशत का माहौल है। थाना क्षेत्र के थाड़ी भवानीपुर और बिशनपुर गांव में एक ही रात हत्या और चोरी की चार घटनाओं ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

थाड़ी भवानीपुर में नशे के लिए पैसे नहीं देने पर एक पुत्र ने अपने पिता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। वहीं, बिशनपुर गांव में दो हनुमान मंदिरों और एक स्वच्छता भवन को चोरों ने निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार, ठाड़ी भवानीपुर गांव निवासी शौकत खान (50) की हत्या उनके पुत्र अहमद खान ने कर दी।

परिजनों के मुताबिक, अहमद नशे का आदी है। वह नशा करने के लिए अपने पिता से पैसे मांग रहा था। पिता ने पैसे देने से इनकार करते हुए उसे नशा करने से मना किया तो वह आक्रोशित हो गया। इसके बाद उसने अपने पिता की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि आरोपी रविवार को ही जेल से छूटकर घर आया था।

घटना के बाद डायल 112 पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि वारदात से पहले ही उन्होंने डायल 112 को सूचना दी थी कि युवक नशे की हालत में है और कोई बड़ी घटना कर सकता है। आरोप है कि सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को घर पर ही छोड़कर चली गई। इसके कुछ ही देर बाद उसने अपने पिता की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने पर पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया। वहीं, हत्या के आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। इधर, इसी रात बिशनपुर गांव में चोरी की तीन घटनाएं सामने आईं। अज्ञात चोरों ने गांव स्थित दो हनुमान मंदिरों को निशाना बनाते हुए स्पीकर यूनिट और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। इसके अलावा चोरों ने स्वच्छता भवन का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया।

हालांकि, वहां चोरी करने योग्य कोई सामान नहीं मिलने के कारण वे खाली हाथ लौट गए। एक ही रात में हत्या और चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में नियमित रात्रि गश्ती नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। चोरी की घटनाओं की जांच की जा रही है। उन्होंने जल्द ही चोरी में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने की बात कही।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र