पिपरा में धान के खेत से अधेड़ का शव बरामद, इलाके में सनसनी
सुपौल, 14 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरा दक्षिण पंचायत के वार्ड नंबर 5 में बुधवार को सड़क किनारे धान के खेत में पानी के अंदर एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे स्थित धान के खेत में पानी के अंदर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ने के बाद इसकी सूचना पिपरा थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष किशोर कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया और आवश्यक जांच-पड़ताल की। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक दुर्गापूजा के अवसर पर फूल तोड़कर शहरी क्षेत्रों में बेचने का काम करता था। हालांकि, उसकी पहचान और वह कहां का रहने वाला था, इस संबंध में फिलहाल स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।
पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया गया है। मृतक ने बैंगनी रंग का हाफ पैंट और काले-सफेद चेकदार शर्ट पहन रखी थी। मौत के कारणों का नहीं चला पता
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ ही घटना की परिस्थितियों की जांच में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

