home page

रायपुर में महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा के लिए पिंक पेट्रोल यूनिट की सख्ती, सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ी निगरानी

 | 
रायपुर में महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा के लिए पिंक पेट्रोल यूनिट की सख्ती, सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ी निगरानी


रायपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की पिंक पेट्रोल यूनिट महिलाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है।

शहर में सुरक्षित एवं अपराधमुक्त वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से यूनिट द्वारा प्रतिदिन विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर नियमित गश्त की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, पिंक पेट्रोल की टीमें स्कूल, कॉलेज, छात्रावास, पीजी (पेइंग गेस्ट) आवास, उद्यान, बाजार, कॉलोनियों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों का लगातार भ्रमण कर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रख रही हैं। साथ ही असामाजिक एवं आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।

गश्त के दौरान स्कूलों और कॉलेजों के आसपास अनावश्यक रूप से घूमने या छात्राओं को असहज करने वाले युवकों को तत्काल वहां से हटाकर भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त समझाइश दी जा रही है। इसके अलावा मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने, बेवजह भीड़ लगाने तथा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली छोटी-छोटी गतिविधियों पर भी मौके पर ही कार्रवाई की जा रही है। कई मामलों में संबंधित लोगों को चेतावनी देने के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का एहसास कराने के लिए उठक-बैठक भी कराई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि, पिंक पेट्रोल यूनिट का उद्देश्य छोटी-छोटी अवांछनीय गतिविधियों को शुरुआती स्तर पर ही रोकना है, ताकि वे आगे चलकर गंभीर अपराध का रूप न ले सकें। इस पहल से शहर की गलियों, मोहल्लों, कॉलोनियों एवं सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिल रही है और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो रही है।

गश्त के दौरान यदि कोई व्यक्ति गंभीर अपराध करते हुए अथवा किसी संज्ञेय अपराध में संलिप्त पाया जाता है, तो उसे तत्काल संबंधित थाना भेजकर वैधानिक कार्रवाई की जाती है। आवश्यकता पड़ने पर अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाती है।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से अपील की है कि, यदि कहीं भी महिलाओं, बच्चों या वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर