सिरसा: शराब से लदी पिकअप गाड़ी पकड़ी, दो गिरफ्तार
सिरसा, 21 फ़रवरी (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने सिरसा क्षेत्र से पिकअप गाड़ी से लाखों रुपये की अवैध शराब पकड़ी है। पुलिस ने मौके से दो युवकों को भी गिरफ्तार किया है। शहर थाना प्रभारी ने शनिवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि खाजाखेड़ा रोड स्थित एक शराब ठेके पर अवैध शराब उतारी जा रही है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर करीब साढ़े पांच लाख रुपये की 39 पेटी अंग्रेजी शराब तथा 100 पेटी बीयर बरामद की है। पुलिस ने पिकअप गाड़ी सवार युवकों से गाड़ी के कागजात तथा शराब संबंधी लाइसेंस दिखाने को कहा तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, जिस पर पुलिस ने दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान सिरसा के संदेश कुमार व फतेहाबाद जिला निवासी रामनिवास के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध रूप से शराब की ढुलाई कर रहे थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी तथा इसे कहां सप्लाई किया जाना था। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
हेरोइन सहित तीन तस्कर गिरफ्तार
सीआईए सिरसा पुलिस गांव दौलतपुर खेङ़ा क्षेत्र से कार सवार तीन युवकों को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए सिरसा प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम रेलवे फाटक गांव दौलतपुर खेङ़ा के पास मौजूद थी। इसी दौरान सामने से एक कार आती दिखाई दी जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गई। पुलिस ने शक के आधार पर कार को चेक किया तो कार सवार युवकों से हेरोइन बरामद हुई। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिरसा जिला निवासी सुखविंद्र सिंह, तरसेम सिंह व हरदीप सिंह के रूप में हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

