भोपालगढ़ में पिकअप ने ली युवक की जान : हाइवे पर लगाया जाम
जोधपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के ग्रामीण क्षेत्र भोपालगढ़ में बुधवार की सुबह पिकअप चालक की लापरवाही से एक युवक की मौत हो गई। इधर घटना की जानकारी पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और भोपालगढ़ हाइवे को जाम कर दिया। सरपंच की अगवाई लोगों ने दुर्घटना को लेकर अपना रोष प्रकट किया। मृतक की पहचान हो गई है और शव को भोपालगढ़ चिकित्सालय में रखवाया गया है।
पुलिस के अनुसार रजलानी भोपालगढ़ निवासी 38 साल के रामकिशोर पुत्र झूमरराम को किसी पिकअप के चालक ने पैदल जाते समय अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में रामकिशोर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से क्षुब्ध ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर सरपंच पारस गुर्जर भी वहां पहुंचे। बाद में ग्रामीणों के साथ मिलकर रास्ता जाम कर दिया। इधर सूचना मिलने पर भोपालगढ़ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शव भोपालगढ़ उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

