मुठभेड़ में अन्तरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह के 04 सदस्य गिरफ़्तार
बांदा, 03 मई (हि.स.)। बस, ट्रेन, ऑटो और ई-रिक्शा जैसी सवारी गाड़ियों में टप्पेबाजी और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अन्तरजनपदीय गिरोह के चार सदस्यों को उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में थाना नरैनी और एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस और नकदी बरामद हुई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार की भोर में थाना नरैनी पुलिस को गश्त और चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि ग्राम पनगरा नहर के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति मौजूद हैं, जो चोरी और टप्पेबाजी की घटनाओं में लिप्त हैं। सूचना मिलते ही थाना नरैनी पुलिस और एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तत्परता दिखाते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में निराजुल हसन पुत्र अजीत, निवासी शाहपुर, थाना भोजपुर, जनपद मुरादाबाद, गोविन्द पुत्र ब्रजपाल सिंह, निवासी पुट्ठी इब्राहिमपुर, थाना रामराज, जनपद मुजफ्फरनगर, फहीम (फईम) पुत्र हनीफ, निवासी शाहपुर, थाना भोजपुर, जनपद मुरादाबाद और साहिल पुत्र जाइद, निवासी शाहपुर, थाना भोजपुर, जनपद मुरादाबाद शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सुनियोजित तरीके से बस, ट्रेन और अन्य सवारी वाहनों में यात्री बनकर चढ़ते थे और यात्रियों के बैग, सूटकेस व कीमती सामानों को निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही बैग काटकर या खोलकर सामान चोरी कर लेते और अगले स्टॉप पर उतर जाते थे। इसके अलावा वे जेबकतरी भी करते थे। ग्रामीण क्षेत्रों में ये वारदातें आसानी से अंजाम देते थे और पकड़े जाने पर तमंचा दिखाकर फरार हो जाते थे।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नरैनी प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अन्य किन-किन जिलों में घटनाओं को अंजाम दिया है और इसमें और कितने सदस्य शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

