शादी का वादा कर तीन साल तक युवती का किया शारीरिक शोषण, गिरफ्तार
मुरादाबाद, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में शादी का वादा कर एक युवक ने युवती का तीन साल तक शारीरिक शोषण किया। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में शिकायत मिलने पर कटघर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि थाना कटघर क्षेत्र निवासी युवती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह एक फर्म में काम करती है। इस फर्म में बिलारी थाना क्षेत्र के गांव थामला निवासी शाने आलम भी काम करता था। साथ काम करते समय दोनों की नजदीकियां बढ़ गईं। इस बीच शाने आलम शादी का वादा कर उसके साथ तीन साल तक शारीरिक शोषण करता रहा। शिकायत करने पर आरोपित ने पीड़ित और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। इस बीच युवती ने दो बार गर्भपात भी कराया था। दबाव बनाने पर शाने आलम ने शादी करने से इन्कार कर दिया। आरोपी ने पूछताछ करने पर फर्म में काम करने वाली युवती की सहेली को भी धमकी दी थी।
इस मामले में कटघर पुलिस ने दुष्कर्म, धमकी सहित अन्य धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कर लिया था। थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार की टीम ने बुधवार को आरोपित शाने आलम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया क्या जहां से उसे जिला कारागार भेज दिया गया।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

