home page

राजगढ़ः वाहन की टक्कर से पेट्रोल पंप इंजीनियर की मौत, आरोपित फरार

 | 
राजगढ़ः वाहन की टक्कर से पेट्रोल पंप इंजीनियर की मौत, आरोपित फरार


राजगढ़, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बुधवार दोपहर नेशनल हाईवे पर ग्राम धनोरा जोड़ के समीप तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से पेट्रोल पंप पर कार्यरत एक इंजीनियर की मौत हो गई। युवक निर्माणाधीन पेट्रोल पंप से निकलकर हाईवे के दूसरी ओर स्थित होटल जाने के लिए सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान बोलेरो उसे टक्कर मारते हुए निकल गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान जितेंद्र (28) पुत्र देवीसिंह भावरे निवासी इंदरी टिकरा, जिला मंडला के रूप में हुई है। वह धनोरा के पास निर्माणाधीन पेट्रोल पंप पर इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। बुधवार दोपहर वह पेट्रोल पंप से निकलकर सामने स्थित होटल जाने के लिए हाईवे पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगने से जितेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बोलेरो और उसके चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक