home page

पेट्रोलियम पाइपलाइन से क्रूड ऑयल चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा

 | 
पेट्रोलियम पाइपलाइन से क्रूड ऑयल चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा


जयपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने पेट्रोलियम पाइपलाइन से कच्चा तेल चोरी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मुख्य खरीदार राजीव सिंगल को जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी गाजियाबाद स्थित ‘श्री गणपति ऑयल ट्रेडर्स’ का संचालक है और पिछले करीब 15 वर्षों से इस अवैध कारोबार में संलिप्त बताया जा रहा है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि गिरोह ने शाहजहांपुर क्षेत्र में एक खेत किराए पर लेकर उसे चारों ओर से करीब 10 फीट ऊंची दीवार से घेर दिया था। अंदर कमरे और भूमिगत चैम्बर बनाकर पेट्रोलियम पाइपलाइन तक पहुंचने के लिए करीब 360 फीट लंबी सुरंग तैयार की गई थी। निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे और इंटरनेट कनेक्शन भी लगाए गए थे।

जांच में सामने आया कि गिरोह ने महज दो महीने (नवंबर 2024 से जनवरी 2025) के दौरान करीब 36 टैंकर, यानी 9.58 लाख लीटर कच्चा तेल चोरी किया। गिरफ्तार आरोपी राजीव सिंगल यह तेल 30-35 रुपये प्रति लीटर में खरीदता था, जबकि बाजार में इसकी कीमत करीब 70 रुपये प्रति लीटर है। चोरी किए गए तेल की कुल अनुमानित कीमत लगभग 6.70 करोड़ रुपये आंकी गई है।

मामले में फरार 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश दिनेश राठी को भी दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा गिरोह के अन्य सदस्य महावीर, सुदीप जिंदल, अशोक कुमार चौहान और विजय पाल सिंह को हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों से पकड़ा गया है। अब तक इस मामले में मुख्य सरगना सहित कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

गिरफ्तार मुख्य आरोपी राजीव सिंगल को अदालत में पेश कर 15 अप्रैल 2026 तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। एसओजी की टीम गिरोह के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश