पेट्रोल पंप पर सेल्समैन सोते रहे, मशीन चलाकर 70 लीटर पेट्रोल उड़ा ले गया शातिर चोर
तकनीकी रूप से दक्ष चित्रकूट के चोर का अनोखा कारनामा
बांदा, 15 नवंबर (हि.स.)। पेट्रोल पंप पर सेल्समैनों के सोने का इंतजार करना और फिर खुद मशीन संचालित कर पेट्रोल चोरी कर ले जाना। चित्रकूट के एक शातिर चोर ने चोरी का ऐसा तरीका अपनाया कि पहली नजर में किसी को शक तक नहीं हुआ। तकनीकी रूप से दक्ष यह चोर पेट्रोल पंप की मशीन चलाना जानता था। वह चारपहिया वाहन से आता और मौका देखकर मशीन से पेट्रोल निकालकर चंपत हो जाता था। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बिसंडा थाना क्षेत्र के ओरन स्थित एक पेट्रोल पंप पर दो बार चोरी करने वाले इस शातिर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 70 लीटर चोरी का पेट्रोल, चार प्लास्टिक की पिपिया और वारदात में इस्तेमाल चारपहिया वाहन बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, ओरन कस्बा निवासी हिमांशु ने 14/15 नवंबर की रात बिसंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि बिसंडा रोड स्थित एचपीसीएल के मां त्रिलोचनी फिलिंग स्टेशन से 24 सितंबर और छह नवंबर की रात अज्ञात व्यक्ति ने पेट्रोल चोरी किया था। खास बात यह थी कि चोर ने पेट्रोल पंप की मशीन को खुद संचालित कर वारदात को अंजाम दिया था। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोर की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी बीच 15 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पेट्रोल चोरी में शामिल व्यक्ति चारपहिया वाहन से सिंहपुर की तरफ से ओरन आ रहा है। पुलिस ने सिंहपुर रोड स्थित विशाल पुरवा मोड़ पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान श्यामराज पुत्र शिरोमन निवासी बारामाफी, थाना पहाड़ी, जनपद चित्रकूट के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपी ने पेट्रोल पंप से दो बार पेट्रोल चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि उसे पेट्रोल पंप की मशीन संचालित करना आता है। पुलिस ने उसके कब्जे से तीन पिपिया में भरा करीब 70 लीटर पेट्रोल और एक खाली सफेद पिपिया बरामद की। वारदात में इस्तेमाल चारपहिया वाहन भी जब्त कर लिया गया।
क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि बिसंडा पुलिस ने पेट्रोल पंप से पेट्रोल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

