राजस्थान में पहचान छिपाकर रह रहे 25 हजार के इनामी काे पुलिस ने पकड़ा
फिरोजाबाद, 31 अक्टूबर (हि.स.)। थाना मटसेना एवं सर्विलांस पुलिस टीम ने शनिवार को 10 वर्षों से फरार 25,000 रुपये के इनामिया वारंटी अभियुक्त कुलदीप उर्फ भोलू को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त पहचान छिपाकर राजस्थान में रह रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जनपद में पुरस्कार घोषित अपराधी व एनबीडब्लू वारण्टी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के क्रम में थाना मटसेना पुलिस एवं सर्विलांस टीम ने प्राप्त सूचना के आधार पर वांछित 25,000 रुपये का पुरस्कार घोषित एवं एनबीडब्ल्यू वारंटी अभियुक्त कुलदीप उर्फ भोलू पुत्र रामलखन निवासी ग्राम पिडसरा थाना सिरसागंज को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त विगत करीब 10 वर्षों से फरार चल रहा था तथा अपनी पहचान छिपाकर राजस्थान के जनपद कोटा के थाना अनन्तपुरा क्षेत्रान्तर्गत सुभाष नगर में ‘करण’ नाम से रहकर ‘फिटनेस पावर’ नामक जिम संचालित कर रहा था। जिसको थाना मटसेना पुलिस टीम व सर्विलांस टीम ने फिटनेस पावर जिम पर दबिश देकर गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के विरुद्ध अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश न्यायालय संख्या-08 फिरोजाबाद द्वारा गैर जमानती वारंट जारी किया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

