राजगढ़ः पेड़ पर फांसी लगाकर व्यक्ति ने की खुदकुशी
राजगढ़, 28 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सुठालिया थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक व्यक्ति ने पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना यादव पेट्रोल पंप के सामने स्थित सुनसान क्षेत्र में घटी, जहां खांकरा के पेड़ से व्यक्ति का शव लटका हुआ मिला।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्यवाही की। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 50 वर्षीय राधेश्याम पुत्र रामगोपाल प्रजापति, निवासी बूढ़ा महादेव मंदिर का रास्ता, सुठालिया के रूप में हुई है। शव को अस्पताल भेजकर मर्चुरी कक्ष में सुरक्षित रखा गया है। पोस्टमार्टम रविवार सुबह किया जाएगा।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। आसपास से कोई सुसाइड नोट या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवारजन और परिचितों से बातचीत कर यह पता लगाया जा रहा है कि राधेश्याम ने किन परिस्थितियों में यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

