राजगढ़ः विवाह को लेकर तनाव में था 45 वर्षीय व्यक्ति, फंदा लगाकर दी जान
राजगढ़, 05 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा अमरदास में सोमवार को 45 वर्षीय व्यक्ति ने घर के एक कमरे में कुंदे से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बरखेड़ा अमरदास निवासी जोगेंद्र पुत्र गणेशराम धाकड़ ने दूसरे कमरे में फंदा लगाकर जान दी। बताया गया कि घटना के दौरान जोगेंद्र के माता-पिता घर में थे। उसका पिता जब कमरे की ओर गया तो जोगेंद्र को फंदे पर लटका देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
परिजनों के अनुसार जोगेंद्र अविवाहित था। बताया जा रहा है कि वह विवाह को लेकर तनाव में रहता था। नातरा-झगड़ा प्रथा के तहत वह दो-तीन महिलाओं को घर भी लाया था, लेकिन वर्तमान में उसके साथ कोई महिला नहीं रहती थी। घटना के समय परिवार का एक सदस्य खेत में सोयाबीन की फसल एकत्रित करने गया था। पुलिस का कहना है कि जोगेंद्र ने किन परिस्थितियों में यह आत्मघाती कदम उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

