सिरसा: राजमिस्त्री ने जहरीला पदार्थ निगल कर किया सुसाइड
सिरसा, 01 मई (हि.स.)। जिले के नाथूसरी चोपटा कस्बा क्षेत्र में एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली है। मृतक की पहचान गांव कैरांवाली निवासी सतनाम सिंह के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल में पहुंचाया जहां शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक के पिता हरचंद ने बताया कि सतनाम शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। सतनाम पिछले कुछ समय से मानसिक तौर पर परेशान चल रहा था। सतनाम राजमिस्त्री का काम करता था। सुबह उन्हें सूचना मिली कि सतनाम बेहोशी की हालत में गांव के मंदिर के बाहर पड़ा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
दो नशा तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने जिले क्षेत्र से दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हेरोइन बरामद की है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी मनप्रीत सिंह व जगसीर के रूप में हुई। एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस टीम गांव रोड़ी क्षेत्र में मौजूद थी। गांव के बस अड्डा के पास एक कार खड़ी दिखाई दी। सामने पुलिस की गाड़ी को देखकर कार चालक ने अचानक कार को वापस मोडक़र भागने का प्रयास किया। पुलिस ने शक के आधार पर कार सवार युवक को काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से सात ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
इसके अलावा पुलिस ने गांव रघुआना क्षेत्र से जगसीर सिंह को गिरफ्तार किया है। सीआईए सिरसा प्रभारी ने बताया कि पुलिस गश्त पड़ताल के दौरान गांव रघुआना क्षेत्र में मौजूद थी। एक व्यक्ति बाइक पर सवार होकर आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गया। पुलिस ने उसका पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से साढ़े आठ ीग्राम हेरोइन बरामद हुई। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

