भारत-नेपाल सीमा पर हथियार के साथ धराया शख्स
सिलीगुड़ी, 05 अक्टूबर (हि. स.)। भारत-नेपाल सीमा के पानीटंकी स्थित न्यू ब्रिज इलाके में नियमित जांच के दौरान सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने एक व्यक्ति को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा। उसके पास से 0.32 कैलिबर की एक पिस्तौल, दो मैगजीन, 7.65 एमएम के 49 जिंदा कारतूस और एक खाली खोखा बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, 41वीं बटालियन एसएसबी की ‘डी’ कंपनी पानीटंकी की बीआईटी टीम रविवार को नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान वाहन से भारत से नेपाल जा रहे एक भारतीय नागरिक को रोका गया। तलाशी के दौरान उसके हैंडबैग से हथियार और कारतूस बरामद हुए।
प्रारंभिक पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम ताशी पाल्की भूटिया बताया। वह सिक्किम का निवासी है।
उसने बताया कि वह अपने गुरुजी को लेने के लिए सिक्किम से काकरभिट्टा, नेपाल जा रहा था। हालांकि, उसके द्वारा प्रस्तुत हथियार लाइसेंस के अनुसार पिस्तौल को केवल सिक्किम और पश्चिम बंगाल में ले जाने की अनुमति थी। किसी अन्य स्थान पर इसे ले जाने की अनुमति नहीं थी।
एसएसबी ने बरामद हथियार, कारतूस और आरोपित को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए खोरीबाड़ी थाने की पुलिस को रात को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

