home page

अंगूठे के क्लोन से उड़ाई पेंशन राशि, गोराडीह के सरैया गांव की घटना, साइबर थाने में मामला दर्ज; जांच शुरू

 | 

भागलपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)।

जिले के गोराडीह थाना क्षेत्र के सरैया गांव में एक लाचार विधवा महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। ठगों ने पीड़िता के बैंक खाते से अंगूठे के निशान का क्लोन बनाकर पांच किस्तों में 20,000 की पेंशन राशि उड़ा ली।

पूरी जमा पूंजी गायब होने से पीड़िता के सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। मामला दर्ज कर साइबर थाने की पुलिस जांच में जुट गई है। उल्लेखनीय है कि सरैया गांव की निवासी पीड़िता सीता देवी के बैंक खाते में सरकार द्वारा मिलने वाली विधवा पेंशन की राशि जमा होती थी। वह अपनी जरूरत के अनुसार इस रकम को निकालती थीं।

गुरुवार को जब सीता देवी अपने खाते से पैसे निकालने बैंक पहुंचीं, तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि उनके खाते में पैसे ही नहीं हैं। यह सुनते ही पीड़िता के होश उड़ गए। बैंक खाते के स्टेटमेंट की जांच करने पर पता चला कि जालसाजों ने अलग-अलग पांच किस्तों में अंगूठे के निशान का उपयोग करके पूरी रकम निकाल ली है। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने हाल-फिलहाल में कहीं भी अपना अंगूठा लगाकर पैसे नहीं निकाले हैं और न ही किसी को अपना पासबुक या कोई अन्य विवरण दिया था।

घटना से परेशान पीड़िता ने तुरंत गोराडीह थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। थानाध्यक्ष दीपक पासवान ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे साइबर थाने में दर्ज करा दिया गया है। पुलिस तकनीकी सेल की मदद से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह राशि किस ग्राहक सेवा केंद्र या डिवाइस के जरिए और किस स्थान से निकाली गई है। पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर