home page

अवैध मूंगफली भंडारण मामले में फर्म संचालक के खिलाफ केस दर्ज

 | 
अवैध मूंगफली भंडारण मामले में फर्म संचालक के खिलाफ केस दर्ज


जोधपुर, 12 जून (हि.स.)। कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा की ओर से गत दिनों की गई आकस्मिक जांच में भारी मात्रा में मूंगफली बीज का अवैध भंडारण पाए जाने के मामले में मंडोर थाना पुलिस ने फर्म संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईसी एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया है।

मंडोर थाना पुलिस के अनुसार 27 मई को कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने मंडोर क्षेत्र के नौ मील सहित अन्य स्थानों पर मूंगफली बीजों के भंडारण और बिक्री को लेकर औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान नौ मील क्षेत्र स्थित एक फर्म में बड़ी मात्रा में मूंगफली बीज का भंडारण पाया गया था। जांच में सामने आया कि फर्म के पास भंडारण के लिए आवश्यक लाइसेंस नहीं था।

मामले में सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) कार्यालय के कृषि अधिकारी राजेंद्र गढ़वाल की ओर से मंडोर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने फर्म संचालिका के खिलाफ ईसी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान फर्म से करीब 24 हजार किलोग्राम से अधिक मूंगफली बीज जब्त किया गया था। यह मूंगफली 20-20 किलोग्राम के बैगों में भंडारित मिली थी। अब पुलिस और कृषि विभाग संयुक्त रूप से मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश