home page

पौआखाली पुलिस ने 516.81 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर को किया गिरफ्तार

 | 
पौआखाली पुलिस ने 516.81 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर को किया गिरफ्तार


किशनगंज, 04 जुलाई (हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पौआखाली थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 516.81 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्मैक के अलावा नकद राशि, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी बरामद किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर पौआखाली थाना क्षेत्र के एलआरपी चौक पर थानाध्यक्ष शंखराज कर्ण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहन जांच एवं सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर दो व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 516.81 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकबर अली, पिता मोहम्मद इजाबुल, निवासी सुरीभिट्टा वार्ड संख्या-01, थाना सुखानी, जिला किशनगंज तथा अनिल साहा, पिता स्वर्गीय भुटुआ, निवासी मंगलवारी, जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से 516.81 ग्राम स्मैक, तीन मोबाइल फोन, 9,672 रुपये नकद, दो लाइटर तथा एक ईयरफोन भी जब्त किया है।

बरामद सभी सामान को जब्त कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस संबंध में पौआखाली थाना में एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 8(सी), 21(सी) एवं 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के लिए गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद स्मैक की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जानी थी। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह