home page

धार: नामांतरण के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार

 | 
धार: नामांतरण के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार


धार, 08 जून (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के धार जिले के मनावर क्षेत्र में लोकायुक्त पुलिस ने सोमवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को नामांतरण प्रकरण में रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित पटवारी आवेदक से नामांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के बदले 20 हजार रुपये की मांग कर रहा था।

लोकायुक्त के कार्यवाहक निरीक्षक सचिन पटेरिया के अनुसार, ग्राम पंचायत कपस्थली निवासी अरुण कुमार तिवारी ने अपने दो प्लॉट अंकुश सोनी को बेचे थे। इन प्लॉटों के नामांतरण की कार्रवाई के लिए संबंधित पटवारी प्रवीण पाटीदार ने प्रति प्लॉट 10 हजार रुपये के हिसाब से कुल 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।

रिश्वत की मांग से परेशान होकर अरुण कुमार तिवारी ने लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय से शिकायत की। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोप सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया।

योजना के तहत सोमवार को ग्राम डोचा स्थित तहसील कार्यालय में संचालित पटवारी कार्यालय में आरोपित प्रवीण पाटीदार को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की पहली किस्त लेते समय रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi