home page

फौतगी और हक त्याग म्यूटेशन के लिए पटवारी ने मांगी 10 हजार की रिश्वत

 | 
फौतगी और हक त्याग म्यूटेशन के लिए पटवारी ने मांगी 10 हजार की रिश्वत


जयपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जालोर जिले के भीनमाल तहसील क्षेत्र में जायज राजस्व कार्य के एवज में 10 हजार रुपए रिश्वत मांगने के आरोप में पटवारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपिता दांतीवास पटवार हल्का की पटवारी ललिता है। एसीबी के गोपनीय सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई, हालांकि कार्रवाई की भनक लगने के कारण पटवारी रिश्वत की राशि नहीं ले सकी।

एसीबी जालोर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मांगीलाल राठौड़ के अनुसार परिवादी ने एसीबी की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत की थी। बाद में परिवादी ने उनके समक्ष लिखित शिकायत भी प्रस्तुत की। इसमें आरोप लगाया गया कि उसके दादाजी की मृत्यु के बाद फौतगी म्यूटेशन और भू-अधिकार हक त्याग म्यूटेशन भरने के एवज में पटवारी ललिता 10 हजार रुपये रिश्वत मांग रही है।

शिकायत के बाद एसीबी जालोर इकाई ने रिश्वत मांग का गोपनीय सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान पटवारी द्वारा परिवादी के जायज कार्य के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत मांगना पाया गया। हालांकि एसीबी कार्रवाई की भनक लगने के कारण पटवारी रिश्वत की राशि प्राप्त नहीं कर सकी।

इसके बाद एसीबी जालोर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार कर प्रकरण दर्ज करने की अनुशंसा के साथ एसीबी मुख्यालय जयपुर को भेजी। रिपोर्ट के आधार पर एसीबी मुख्यालय ने पटवारी ललिता के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश