पचास हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार
जयपुर, 02 जून (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की स्पेशल यूनिट बीकानेर ने कार्रवाई करते हुए श्रीगंगानगर जिले के पदमपुर तहसील क्षेत्र में तैनात एक पटवारी को पचास हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित पटवारी खाता विभाजन और शुद्धिकरण के कार्य के बदले परिवादी से एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी स्पेशल यूनिट बीकानेर को शिकायत मिली थी कि पटवार हल्का 68 एलएनपी रिडमलसर तहसील पदमपुर जिला श्रीगंगानगर में कार्यरत पटवारी अंकुश कुमार परिवादी के चक 68 एलएनपी रिडमलसर स्थित मुरब्बा नंबर 35 एवं खाता संख्या 135 के संयुक्त खाते का विभाजन और शुद्धिकरण करने के बदले एक लाख रुपये रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक इन्द्र कुमार और उनकी टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। एसीबी टीम ने मंगलवार को ट्रैप की कार्रवाई के दौरान आरोपित पटवारी अंकुश कुमार को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। साथ ही बरामद राशि में 10 हजार रुपये भारतीय मुद्रा तथा 40 हजार रुपये डमी नोट शामिल थे। इस कार्रवाई के दौरान रिश्वत राशि आरोपित के कब्जे से बरामद कर ली गई। एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपित पटवारी से पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

