home page

नामांतरण खोलने की एवज में रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

 | 
नामांतरण खोलने की एवज में रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार


जयपुर, 26 मई (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की इंटेलिजेंस यूनिट उदयपुर ने राजसमंद जिले में कार्रवाई करते हुए पटवारी राहुल कुमार शर्मा को 4 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपित पटवार हल्का सेमा एवं अतिरिक्त चार्ज बड़ा भाणुजा, तहसील खमनोर में कार्यरत है।

एसीबी डीजी गोविंद गुप्ता के अनुसार परिवादी ने शिकायत दी थी कि दानग्रहीता भूमि की रजिस्ट्री करवाने के बाद नामांतरण खोलने की एवज में आरोपित पटवारी ने 7 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपित राहुल कुमार शर्मा ने परिवादी से 1 हजार रुपये पहले ही ले लिए थे तथा शेष 4 हजार रुपये ट्रैप कार्रवाई के दौरान लेने तय हुए थे।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में एसीबी इंटेलिजेंस यूनिट उदयपुर की प्रभारी डॉ. सोनू शेखावत के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक राजेंद्र सिंह और उनकी टीम ने ट्रैप कार्रवाई की।

इस कार्रवाई के दौरान आरोपित पटवारी ने एसीबी टीम को देखकर रिश्वत की राशि अपने सरकारी आवास के टॉयलेट में बनी डब्ल्यूसी में फेंक दी। बाद में आरोपित की निशानदेही पर राशि बरामद कर ली गई। एसीबी ने आरोपित को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश