home page

पत्नी ने रची पति पर हमले की साजिश, गिरफ्तार

 | 
पत्नी ने रची पति पर हमले की साजिश, गिरफ्तार


नई दिल्ली, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य जिले के पटेल नगर इलाके में हुई चाकूबाजी के मामले में पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति पर हमले की साजिश रची थी और बाद में पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी गढ़ी थी।

मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त राेहित राजबीर सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि 24 मार्च को राम मनोहर लोहिया अस्पताल से पटेल नगर थाने को एक व्यक्ति के चाकू लगने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो घायल व्यक्ति गंभीर हालत में मिला, जिसे डॉक्टरों ने बयान देने के लिए अयोग्य बताया। प्रारंभिक पूछताछ में घायल की पत्नी लक्ष्मी (24) ने बताया कि वह पटेल नगर में रहती है। उसने दावा किया कि उसके पति पर पार्क में 2-3 अज्ञात लोगों ने हमला किया है, जब वह खाने का सामान लेने गया था। महिला के बयान पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और महिला के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण में महिला के बयान में कई कमी सामने आईं, जिससे पुलिस का शक गहरा गया।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार सख्ती से पूछताछ करने पर पूरा मामला खुल गया। पूछताछ में लक्ष्मी ने अपने परिचित करण (22) के साथ मिलकर पति पर हमला करवाने की बात कबूल की। 25 मार्च की रात करीब 11 बजे पुलिस ने शादिपुर फ्लाईओवर के नीचे से करण को गिरफ्तार किया। इसके बाद लक्ष्मी को भी दबोच लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि लक्ष्मी और करण पिछले 2-3 वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे। शादी के बाद पति-पत्नी के बीच आर्थिक और निजी विवाद बढ़ने लगे। इसी दौरान लक्ष्मी ने करण से संपर्क किया और पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। वारदात वाले दिन लक्ष्मी ने करण को घर बुलाया। आरोपित चाकू लेकर पहुंचा और बहस के दौरान उसने पति पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद दोनों ने मिलकर अज्ञात हमलावरों की झूठी कहानी गढ़ दी। पुलिस ने आरोपित करण की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। घायल का इलाज आरएमएल अस्पताल में जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी