दतियाः निर्माणाधीन मकान की बल्ली गिरने से राहगीर की मौत, नवरात्रि से पहले सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
दतिया, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया में शुक्रवार सुबह निर्माणाधीन मकान की छत से बल्ली गिरने से एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसा मातन का पहरा क्षेत्र में हुआ।
जानकारी के अनुसार हादसे में हाकिम सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हुए थे। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हाकिम सिंह यादव मूल रूप से बरुआ सागर, उत्तरप्रदेश के रहने वाले बताए गए हैं और वर्तमान में दतिया के राजगढ़ फाटक के पास रह रहे थे।
बताया गया है कि हाकिम सिंह शुक्रवार सुबह श्री पीतांबरा पीठ मंदिर में जप करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान निर्माणाधीन मकान की छत से अचानक बल्ली नीचे गिर गई और उसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
नवरात्रि से पहले व्यवस्थाओं पर उठे सवालहादसे के बाद क्षेत्र में निर्माणाधीन भवनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। शारदीय नवरात्रि नजदीक होने के कारण बड़ी माता मंदिर सहित आसपास के धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में निर्माणाधीन मकानों और सड़क मार्ग की स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र की सड़क पहले से ही खराब स्थिति में है। वहीं निर्माणाधीन भवनों के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की बात भी कही जा रही है। लोगों का कहना है कि नवरात्रि के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए क्षेत्र की व्यवस्थाओं को लेकर कुछ दिन पहले ही प्रशासन को अवगत कराया गया था। हादसे के बाद अब निर्माणाधीन मकानों में सुरक्षा मानकों के पालन और सड़क मार्ग की स्थिति को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों की ओर आने वाले श्रद्धालुओं और राहगीरों की सुरक्षा के लिए समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए थे। अब हादसे के बाद यह देखना होगा कि संबंधित विभाग निर्माणाधीन भवनों की सुरक्षा व्यवस्था और क्षेत्र की सड़क सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर क्या कार्रवाई करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

