आईएसआईएस केस में आरोपी जीशान के माता-पिता से पूछताछ
जोधपुर, 16 जून (हि.स.)। कट्टरपंथी संगठन आईएसआईएस की विचारधारा फैलाने के मामले में एनआईए की टीम ने जोधपुर आकर आरोपी युवक जीशान के माता-पिता से गहन पूछताछ की और अहम दस्तावेज हासिल किए। नई सडक़ क्षेत्र से गत 25 मार्च को गिरफ्तार किए गए संदिग्ध युवक जीशान के मामले में एनआईए की जांच तेज हो गई है।
सदर बाजार थानाधिकारी माणक राम ने बताया कि आंध्र प्रदेश पुलिस ने जोधपुर पुलिस के सहयोग से जीशान को पकड़ा था, जो फिलहाल एनआईए की कस्टडी में है। इसी सिलसिले में गत 11 जून को एनआईए की एक स्पेशल टीम जोधपुर पहुंची और जीशान के माता-पिता से लंबी पूछताछ कर कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज हासिल किए। जांच में सामने आया है कि जीशान एक सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से कट्टरपंथी इस्लामिक विचारधारा को बढ़ावा दे रहा था। आंध्र प्रदेश में इसी ग्रुप के कुछ अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद जीशान का नाम उजागर हुआ था।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

