पन्ना में मनरेगा के कुएं में मिट्टी धंसने से एक ही परिवार के पांच मजदूरों की मौत
पन्ना, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ जनपद क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच मजदूरों की मौत हो गई। ग्राम पंचायत बीहरपुरवा के मजरा नयापुरवा में मनरेगा के तहत चल रहे कुएं की खुदाई कार्य के दौरान अचानक मिट्टी और दीवार धंस गई, जिससे कुएं के भीतर काम कर रहे मजदूर दब गए।
जानकारी के अनुसार निर्मल नीर योजना के तहत शिव प्रसाद अहिरवार के खेत में कुएं की खुदाई का कार्य चल रहा था। हादसे से कुछ देर पहले एक मजदूर पानी पीने के लिए बाहर निकला था। इसी दौरान अचानक कुएं की मिट्टी भरभराकर गिर गई और भीतर काम कर रहे पांच मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू के लिए जेसीबी और एलएनटी मशीनों की मदद ली गई। करीब साढ़े चार घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद दोपहर करीब 3:30 बजे सभी मजदूरों के शव बाहर निकाले गए।
हादसे में मृतकों की पहचान चून्नू यादव, आशीष यादव, रामपाल यादव, राजकुमार यादव और उन्वदी पाल के रूप में हुई है। बताया गया है कि सभी मृतक एक ही परिवार से जुड़े थे।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि कुएं का निर्माण कार्य बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के कराया जा रहा था। गांव के युवक राकेश यादव ने दावा किया कि यह कुआं पहले भी धंस चुका था, बावजूद इसके सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना दोबारा काम शुरू करा दिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार मजदूरों को बिना तकनीकी सुरक्षा उपायों और सुरक्षा उपकरणों के कुएं के भीतर उतारा गया था। घटना के बाद ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
मौके पर जिला प्रशासन के अधिकारी पहुंचे, लेकिन हादसे की जिम्मेदारी और संभावित कार्रवाई को लेकर अधिकारियों की ओर से स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। फिलहाल प्रशासन ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच की बात कही जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

