कोचिंग क्लास में पढ़ रहे बच्चों के बीच फेंका गया बम, धमाके से मची अफरा-तफरी
सीवान, 13 मई (हि.स.)।
सीवान जिले के गौसी हाता गांव में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक कोचिंग सेंटर में पढ़ाई के दौरान असामाजिक तत्वों ने बम फेंक दिया। धमाके से कोचिंग क्लास में मौजूद बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई और करीब 10 छात्र-छात्राएं घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब ढाई बजे कोचिंग संचालक दीपू कुमार करीब 25 बच्चों को पढ़ा रहे थे। इसी दौरान अचानक असामाजिक तत्वों ने कोचिंग परिसर की ओर सुतली बम फेंक दिया। धमाके की आवाज सुनते ही बच्चे घबरा गए और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना में निक्की कुमारी, चांदनी कुमारी, गोल्डी कुमारी, सुमैया, आस्था कुमारी और साजिद अली समेत कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए। सभी को स्थानीय निजी क्लिनिक में इलाज के बाद घर भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही छोटन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। घटनास्थल से बम के अवशेष और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
कोचिंग संचालक दीपू कुमार ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी शरारती तत्व कई बार कोचिंग का फ्लैक्स और बोर्ड फाड़ चुके हैं, बिजली मीटर उखाड़ चुके हैं तथा बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी क्षतिग्रस्त कर चुके हैं।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक कोचिंग सेंटर पहुंच गए। लोगों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरा आक्रोश देखा गया।
थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम साक्ष्य एकत्र कर रही है तथा जल्द ही दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

