home page

आमेर में जिंदा बम मिलने से दहशत: बम निरोधक दस्ते ने किया निष्क्रिय

 | 
आमेर में जिंदा बम मिलने से दहशत: बम निरोधक दस्ते ने किया निष्क्रिय


जयपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। आमेर में सीआईएसएफ कैंपस के पास जिंदा बम मिलने से हड़कंप मच गया। खातीवालों की ढाणी, वार्ड नंबर 148 क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 10.30 बजे काम के दौरान एक स्थानीय महिला को खेत के कचरे में बमनुमा वस्तु दिखाई दी। महिला ने इसकी जानकारी परिवार को दी। लोगों ने संदिग्ध वस्तु देखी तो दहशत फैल गई और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।

डिप्टी कंट्रोलर सिविल डिफेंस अमित शर्मा के अनुसार कंट्रोल रूम को करीब 11.05 बजे सूचना मिली। सूचना के करीब आठ मिनट बाद आमेर थाना पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने संदिग्ध वस्तु के आसपास जमा लोगों को हटाया और जांच के बाद बम निरोधक दस्ते को बुलाया। जांच में वस्तु के जिंदा बम होने की पुष्टि हुई।

इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच बम को आबादी से दूर सुनसान स्थान पर पहुंचाया। करीब दोपहर 2 बजे जमीन में गहरा गड्ढा खोदकर बम को डिस्पोज किया गया। डिस्पोजल के दौरान काफी तेज धमाका हुआ। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।

आमेर एसीपी सुरेंद्र सिंह रणावत के अनुसार कंट्रोल रूम को सोमवार सुबह बम मिलने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया। जांच के बाद संदिग्ध बम को आबादी से दूर सुनसान स्थान पर ले जाकर सुरक्षित तरीके से डिस्पोज किया गया।

आमेर थानाधिकारी गौतम डोटासरा ने बताया कि बम गांव के खेत में पड़े कचरे के बीच मिला था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि जिंदा बम वहां कैसे पहुंचा और इसके पीछे किसी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। इस कार्रवाई में सिविल डिफेंस टीम के सीडीई असरार अहमद, राजेश कुमार, यूनुस खान, मोहम्मद बिलाल, दीपक सैनी और घनश्याम शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश