home page

मतगणना से पहले चोपड़ा में बम मिलने से दहशत

 | 

उत्तर दिनाजपुर, 02 मई (हि.स.)। मतगणना से पहले इस्लामपुर थाना क्षेत्र के दारिभिट इलाके में ताजा बम बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार स्थानीय चाय बागान के भीतर से पुलिस ने तीन शक्तिशाली सॉकेट बम बरामद किए। आबादी वाले इलाके के इतने करीब बम मिलने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दारिभिट इलाके में एक चाय बागान के पास कच्ची सड़क पर एक संदिग्ध रंगीन बैग पड़ा देखा गया। संदेह होने पर जब स्थानीय लोग पास गए और बैग खोला, तो उसके अंदर तीन काले रंग के शक्तिशाली सॉकेट बम मिले। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को घेर लिया गया। आम लोगों की आवाजाही तुरंत रोक दी गई। बाद में बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया, जिन्होंने बेहद सावधानी के साथ बमों को बरामद कर सुरक्षित स्थान पर ले जाकर निष्क्रिय किया। चुनाव की मतगणना और नतीजों से ठीक पहले इस तरह की घटना को प्रशासन गंभीरता से ले रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार