home page

रंगदारी मामले में पांडेय गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, जेल

 | 
रंगदारी मामले में पांडेय गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, जेल


रंगदारी मामले में पांडेय गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, जेल


रामगढ़, 17 अप्रैल (हि.स.)। रामगढ़ जिले के भदानीनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत सुथरपुर में निर्माणाधीन पुल में रंगदारी मांगने के मामले पर शुक्रवार को पांडेय गिरोह के सदस्य पतरातू रोचाप निवासी गोपाल महतो का पुत्र अशोक महतो 29 वर्षीय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

उक्त जानकारी एसडीपीओ गौरव गोस्वामी ने भदानीनगर ओपी में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब 9 बजे सूचना प्राप्त हुई कि भदानीनगर ओपी क्षेत्र के सुथरपुर में एक निर्माणाधीन पुल मे पांडेय गिरोह के द्वारा मोबाईल से काम करने से पूर्व मैनेज करने की धमकी दी जा रही थी। साथ ही मैनेज नहीं करने की स्थिति में बुरा अंजाम भुगतने की बात की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रामगढ़ द्वारा एसडीपीओ पतरातू गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। उक्त टीम के द्वारा कार्रवाई करते हुए धमकी देने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने एक 7.65 देशी पिस्टल, तीन जिंदा गोली और धमकी देने वाले एंड्रायड मोबाईल को भी बरामद किया है। बताया गया कि गिरफ्तार अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।

छापामारी दल में पुनि पतरातू सत्येन्द्र कुमार सिंह, भदानीनगर ओपी प्रभारी मो अख्तर अली, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, बरकाकाना ओपी प्रभारी उमा शंकर वर्मा, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, पुअनि सोमाय सोरेन, पुअनि मनोज मुर्मू सहित सशस्त्र बल शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश