home page

मन्नत पूरी नहीं हुई तो पंडित को बनाया बंधक, एक लाख रुपये की फिरौती मांगी, दो गिरफ्तार

 | 
मन्नत पूरी नहीं हुई तो पंडित को बनाया बंधक, एक लाख रुपये की फिरौती मांगी, दो गिरफ्तार


नोएडा, 14 सितंबर (हि.स.)। नोएडा के थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सर्फाबाद गांव में रहने वाले पंडित को मन्नत पूरी न होने पर दो लोगों ने बंधक बना लिया और उनके परिजनों से एक लाख की फिरौती मांगी। आरोपित रकम लेने के लिए नोएडा आए थे। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने साेमवार काे बताया कि 9 सितंबर को एक व्यक्ति ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पिता अनिल तिवारी सर्फाबाद गांव में रहते हैं। वह पुरोहित का काम करते हैं। उन्होंने कुछ समय पहले जौनपुर जनपद में रहने वाले आशीष और प्रवेश के यहां धार्मिक अनुष्ठान करवाया था। मनोकामना पूरी नहीं हुई तो आरोपिताें ने पुरोहित को एक और पूजा करने के बहाने फिर से जौनपुर बुलाया। जब पुरोहित वहां पहुंचे तो उन्होंने उन्हें कमरे में बंधक बना लिया। आरोपिताें का कहना था कि पुरोहित ने पूजा कराया था, लेकिन उनकी मन्नत पूरी नहीं हुई। उन्होंने कहा की पूजा में एक लाख रुपये खर्च हुए थे। वापस कर दो नहीं तो जान से मार देंगे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही थी।

पुलिस ने एक योजना के तहत पंडित के बेटे से कहा कि आरोपिताें को पैसे लेने के लिए नोएडा बुलाओ। वे लोग जौनपुर से पंडित को लेकर नोएडा आ गए। इसी बीच पुलिस ने उन्हें सर्फाबाद गांव के पास से बीती रात को पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि आरोपित जौनपुर जनपद के सिकरारा थाना क्षेत्र के मसीदा गांव के रहने वाले हैं। उनके पास से पुलिस ने तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी