home page

उज्जैन : लोकायुक्त ने 30 हजार की रिश्वत लेते पंचायत सचिव और ठेकेदार रंगे हाथों गिरफ्तार किया

 | 
उज्जैन : लोकायुक्त ने 30 हजार की रिश्वत लेते पंचायत सचिव और ठेकेदार रंगे हाथों गिरफ्तार किया


उज्जैन, 16 मार्च (हि.स.)। लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने मध्‍य प्रदेश के उज्‍जैन जिले की तराना तहसील के ग्राम बोरदा मांडा में कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस मामले में सचिव के साथ एक ठेकेदार को भी पकड़ा गया है।

पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त, उज्जैन के अनुसार 12 मार्च को ग्राम बोरदा मांडा निवासी सरपंच राजेश चतुर्वेदी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने ग्राम पंचायत में निर्माण कार्य करवाए थे, लेकिन ग्राम पंचायत सचिव दरबार सिंह राठौड़ उन कार्यों की स्वीकृति देने के बदले 45 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। आरोप है कि सचिव पहले ही 15 हजार रुपये ले चुका था।

शिकायत की जांच निरीक्षक दीपक सेजवार द्वारा की गई, जिसमें मामला सही पाया गया। इसके बाद लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। मंगलवार 16 मार्च को कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव दरबार सिंह राठौड़ ने आवेदक से 30 हजार रुपये की रिश्वत ली और यह राशि अपने साथी ठेकेदार कमल बंजारा को दे दी।

लोकायुक्त दल ने दोनों आरोपितों को थाना कायथा के पास आवेदक की स्विफ्ट डिजायर कार में 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक राजेश पाठक, निरीक्षक दीपक सेजवार, आरक्षक श्याम शर्मा, आरक्षक संजीव कुमारिया, आरक्षक इसरार, सहायक ग्रेड-3 रमेश डाबर और पंच साक्षियों सहित करीब 10 सदस्यीय लोकायुक्त दल शामिल रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल