home page

नेपाल के रास्ते भारत आया पाकिस्तानी नागरिक, पुरानी दिल्ली से पकड़ा गया

 | 

नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के दिन पुरानी दिल्ली इलाके से एक पाकिस्तानी नागरिक को हिरासत में लिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वह कथित तौर पर अवैध तरीके से दिल्ली में रह रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह नेपाल के रास्ते भारत आया था और दिल्ली के एक रेस्टोरेंट में काम कर रहा था। पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने उससे लंबी पूछताछ कर उसके भारत आने और यहां रहने से जुड़े पहलुओं की जांच की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी को 15 अगस्त को पुरानी दिल्ली इलाके से हिरासत में लिया गया। जांच के दौरान उसके भारत में अवैध रूप से रहने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस के साथ केंद्रीय एजेंसियों ने भी उससे पूछताछ की और उसके बैकग्राउंड तथा गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपित की मां मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली थी। उसने एक पाकिस्तानी नागरिक से शादी की थी और बाद में पाकिस्तानी नागरिकता हासिल कर ली थी। एजेंसियां अब आरोपित के पारिवारिक संबंधों और भारत में उसके प्रवेश से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, आरोपित ने नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश किया था। एजेंसियां यह भी सत्यापित कर रही हैं कि वह भारत कब और किस तरीके से आया और दिल्ली पहुंचने के बाद किन लोगों के संपर्क में रहा। उसके यहां रहने और काम करने से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने आरोपित से विस्तार से पूछताछ की, लेकिन अब तक पूछताछ में उसका कोई आतंकी एंगल सामने नहीं आया है। हालांकि, एजेंसियां उसके भारत आने के पूरे रास्ते और गतिविधियों की जानकारी की पुष्टि कर रही हैं।

पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपित को फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन कार्यलय को सौंप दिया गया है। उसके पाकिस्तान प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एजेंसियां उसके दस्तावेजों और भारत में प्रवेश से जुड़ी जानकारी का सत्यापन कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी