home page

पहाड़गंज में झगड़े के दौरान दो लोगों पर चाकू से हमला

 | 

नई दिल्ली, 19 सितंबर (हि.स.)। पहाड़गंज के मेन बाजार स्थित सत्यम टी-पॉइंट पर शनिवार दोपहर झगड़े के दौरान दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में एक ऑटो चालक और होटल रूम बुकिंग एजेंट के पेट में चाकू लगा। दोनों को आसपास के लोगों ने निजी वाहन से लोकनायक अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं में केस दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 12:39 बजे पहाड़गंज थाने में सत्यम टी-पॉइंट पर चाकूबाजी की पीसीआर कॉल मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में पता चला कि दो लोगों का एक व्यक्ति से झगड़ा हुआ था। इसी दौरान आरोपित श्री राम ने कथित तौर पर दोनों पर चाकू से हमला कर दिया।

घायलों की पहचान करीब 41 वर्षीय ऑटो चालक और 40 वर्षीय होटल रूम बुकिंग एजेंट के रूप में हुई है। दोनों के पेट पर चाकू से चोट लगी है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को निजी वाहन से लोकनायक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें उपचार के लिए भर्ती कर लिया।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में झगड़े के दौरान चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटना की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस आरोपित और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार