home page

यमुनानगर धान घोटाले में हैफेड अधिकारी गिरफ्तार, रिश्वत की रकम बरामद

 | 

यमुनानगर, 21 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में सामने आए धान घोटाले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हैफेड विभाग के एक अधिकारी अनिल कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उससे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ जारी है।

पुलिस अधिकारी डीएसपी राजीव मिंगलानी ने शनिवार काे बताया कि अपराध शाखा-1 की टीम ने मामले में संलिप्त हैफेड अधिकारी अनिल कुमार को 20 मार्च को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई थाना प्रतापनगर में दर्ज मुकदमे के तहत की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। जांच के दौरान आरोपी के पास से एक लाख रुपये की रिश्वत की रकम बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार यह राशि घोटाले से जुड़े लेन-देन का हिस्सा मानी जा रही है, जिसकी पुष्टि के लिए गहन जांच की जा रही है।

डीएसपी का कहना है कि रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से पूछताछ कर घोटाले की पूरी परतें खोली जा रही हैं। इसमें अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका, वित्तीय लेन-देन और विभागीय प्रक्रियाओं में हुई अनियमितताओं की जांच शामिल है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं, जिससे इस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान संभव होगी। फिलहाल जांच जारी है और संबंधित साक्ष्यों को एकत्रित किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार