सेवानिवृत्त पीएसी जवान के घर 21 लाख की चोरी का खुलासा, दो चोर गिरफ्तार
कानपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। हनुमंत विहार थाना पुलिस ने सेवानिवृत्त पीएसी जवान फूल सिंह के घर हुई करीब 21 लाख रुपये की चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए सोमवार को दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान बरामद कर शत-प्रतिशत रिकवरी करने का दावा किया है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि 24 जुलाई को दर्ज इस चोरी के मुकदमे की जांच के दौरान पुलिस टीम ने त्रिनेत्र सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर आरोपितों की पहचान की।इनमें नजीराबाद के कच्ची मडै़या निवासी पवन उर्फ रवि चौरसिया और नयापुरवा का रहने वाला राहुल कनाैजिया है। दोनों शातिर चोर हैं, जो दिन में कॉलोनियों और मोहल्लों में घूमकर बंद मकानों और बुजुर्गों के घरों की रेकी करते थे। रात के समय दरवाजे, खिड़की या छत के रास्ते घर में घुसकर जेवर, नकदी, मोबाइल और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस ने दोनों चाेराें को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया है। आरोपितों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण ने बताया कि दोनों आरोपितों का लंबा आपराधिक इतिहास है। उनके खिलाफ कानपुर नगर के अलावा आसपास के कई जिलों में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में राहुल कनौजिया ने कानपुर समेत विभिन्न जिलों में कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब दोनों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

