home page

मालिक के घर का ताला तोड़कर तीन लाख रुपये की चोरी, हिली से कर्मचारी गिरफ्तार

 | 

सिलीगुड़ी, 22 नवंबर (हि.स.)। दुकान मालिक के घर का ताला तोड़कर तीन लाख रुपये नकद चोरी करने के आरोप में पुलिस ने आखिरकार दुकान के एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। दक्षिण दिनाजपुर जिले के हिली थाना क्षेत्र में अभियान चलाकर माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान देवाशीष राय के रूप में हुई है। आरोपित को शनिवार रात सिलीगुड़ी लाया गया। पुलिस ने चोरी के पैसों से खरीदी गई एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, माटीगाड़ा थाना क्षेत्र के तुम्बाजोत निवासी ज्योत्सना घोष ने 26 अक्टूबर को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया था कि 23 अक्टूबर को उनकी दुकान का कर्मचारी देवाशीष राय घर का ताला तोड़कर अंदर घुसा और नकद तीन लाख रुपये चोरी कर फरार हो गया। चोरी की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।

शिकायत मिलने के बाद माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। गुप्त सूचना के आधार पर 21 नवंबर को एएसआई प्रवीर कर्मकार के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ने दक्षिण दिनाजपुर के हिली थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। जांचकर्ताओं का अनुमान है कि आरोपित ने चोरी की रकम से मोटरसाइकिल खरीदी थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित को आगे की जांच और चोरी की बाकी रकम बरामद करने के लिए अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार