नाकाबंदी के दौरान लग्जरी कार से छह किलो से ज्यादा ज्वेलरी जब्त, तीन गिरफ्तार
सिरोही, 29 मार्च (हि.स.)। जिले के रेवदर क्षेत्र में मंडार पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से करोड़ों रुपए कीमत की सोने की ज्वेलरी बरामद की है। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
थानाधिकारी प्रवीण आचार्य ने बताया कि टोल नाके के पास एएसआई नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान रेवदर की ओर से आ रही टाटा नेक्सन कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार तीनों युवक पुलिस को देखकर घबरा गए, जिससे शक गहराया।
तलाशी के दौरान गाड़ी में रखे थैलों से प्लास्टिक के 13 डिब्बे बरामद हुए। इनमें सोने की अंगूठियां, टॉप्स, मंगलसूत्र और चेन सहित बड़ी मात्रा में ज्वेलरी मिली। जब पुलिस ने दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई वैध बिल या कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने ड्राइवर मोहनलाल रबारी समेत दिलीप कुमार घांची और सुरेश कुमार घांची को शांति भंग में गिरफ्तार कर लिया। सभी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। देर रात जब्त ज्वेलरी का वजन करवाया गया, जिसमें कुल छह किलो 319 ग्राम सोना पाया गया। इसकी बाजार कीमत करोड़ों रुपए आंकी जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुद को ज्वेलर्स व्यवसाय से जुड़ा बताया। उन्होंने बताया कि 24 मार्च को अहमदाबाद से ज्वेलरी की सप्लाई के लिए निकले थे और उदयपुर, चारभुजा, कांकरोली, सिरोही व आबू रोड होते हुए वापस गुजरात लौट रहे थे। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और ज्वेलरी के स्रोत व वैधता की पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

