home page

खाली सरकारी भूमि पर उगाई जा रही गांजे की 40 किलो से अधिक पौधे की फसल जब्त

 | 
खाली सरकारी भूमि पर उगाई जा रही गांजे की 40 किलो से अधिक पौधे की फसल जब्त


जयपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। हरमाड़ा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन क्लीन स्वीप' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बिचपड़ी में खाली आबादी भूमि पर उगाई जा रही अवैध गांजे की फसल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 48 हरे-गीले गांजे के पौधे जब्त किए, जिनका शुद्ध वजन 40 किलो 384 ग्राम निकला। मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता, सहायक पुलिस आयुक्त चौमूं अंजू यादव तथा हरमाड़ा थानाधिकारी नरेन्द्र भड़ाना के निर्देशन में गठित विशेष टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बिचपड़ी स्थित जगदीश मंदिर के पास खाली पड़ी आबादी भूमि पर संदिग्ध पौधे उगाए गए हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में सभी 48 पौधे गांजे के पाए गए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन खेती करने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी। राजस्व रिकॉर्ड की जांच में भूमि गांव की सार्वजनिक खाली आबादी भूमि होना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने सभी पौधों को उखाड़कर जब्त कर लिया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की खेती किसी सुनियोजित नेटवर्क द्वारा अवैध तस्करी और क्षेत्र में नशे का जाल फैलाने के उद्देश्य से की जा रही थी। हरमाड़ा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध खेती के पीछे कौन लोग शामिल हैं, उन्हें संरक्षण किसका मिल रहा था और गांजे की आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश