home page

लापता युवक के हत्याकांड को लेकर 16 घंटे बाद गुर्जर समाज में थमा आक्रोश

 | 
लापता युवक के हत्याकांड को लेकर 16 घंटे बाद गुर्जर समाज में थमा आक्रोश


अजमेर, 11 मई (हि.स.)। किशनगढ़ के कल्याणीपुरा गांव के पास रविवार रात नाले के समीप एक युवक का बुरी तरह जला हुआ शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव को गुदली गांव से सात दिन पूर्व लापता हुए युवक प्रदीप बजाड़ का होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद गुर्जर समाज में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया और बड़ी संख्या में समाज के लोग जिला अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए।

गौरतलब है कि गुदली निवासी प्रदीप बजाड़ 3 मई को घर से किसी कार्य के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे। सात दिन बाद जला हुआ शव मिलने से मामला और गंभीर हो गया।

रविवार रात से जारी धरने के बाद प्रशासन और समाज प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई। पार्षद किशन गुर्जर ने प्रतिनिधिमंडल की ओर से एसडीएम को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा। समाज ने पुलिस को मामले के खुलासे के लिए पांच दिन का समय दिया है।

पुलिस उप अधीक्षक अजेय सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव प्रदीप बजाड़ का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अंतिम पुष्टि के लिए डीएनए जांच करवाई जा रही है। प्रशासन की समझाइश के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए सहमत हुए।

गुर्जर समाज और ग्रामीणों ने पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि घटनास्थल पर पहुंचे कुछ लोगों के मोबाइल फोन पुलिस द्वारा जब्त किए गए, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सात थानों की पुलिस और अजमेर लाइन से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

धरना स्थल पर विधायक डॉ. विकास चौधरी, पूर्व विधायक सुरेश टांक, पार्षद किशन गुर्जर, सरपंच संघ अध्यक्ष हरिराम बाना सहित समाज के कई प्रतिनिधि मौजूद रहे और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए कई विशेष टीमें गठित की हैं।

कॉल डिटेल, लोकेशन ट्रैकिंग, तकनीकी साक्ष्य और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित