झाबुआ: ग्राम बोरी में दुष्कर्म की घटना से उपजे आक्रोश के बीच राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी
झाबुआ, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के झाबुआ विधानसभा क्षेत्र एवं आलीराजपुर जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम बोरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार एवं शनिवार की दरमियानी रात में एक विधवा महिला के घर लूटपाट उसके साथ दुष्कर्म एवं उसके बाद शर्मनाक क्रूरतम एवं अमानवीय कृत्य के बाद हालांकि घटना के चार आरोपितों को आलीराजपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है, तथापि आलीराजपुर सहित झाबुआ जिले में घटना को लेकर भारी आक्रोश है, एवं ग्राम बोरी में तनाव का वातावरण बना है।
आक्रोशित लोगों द्वारा घटना के जिम्मेदार सभी आरोपित अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर बोरी थाने का घेराव एवं नगर बंद किया गया साथ ही अन्य स्थानों पर भी घटना के विरोध में आक्रोश व्यक्त करते हुए प्रदर्शन किए गए, वहीं इस हृदय विदारक घटना के बाद राजनीति भी गर्मा गई है, और विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया है, जो कि आज मंगलवार तक जारी है।
इसी बीच एसपी आलीराजपुर, रघुवंश सिंह भदौरिया ने मंगलवार को बताया कि बोरी कांड के चार आरोपित गिरफ्तार कर लिए गए हैं, और शेष आरोपित भी जल्दी ही पुलिस गिरफ्त में होंगे।
घटना के संबंध में पता लगते ही झाबुआ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक डॉ विक्रांत भूरिया तुरंत पीड़िता के घर पहुंचे और उसके परिजनों से मिले साथ ही वे इंदौर के एमवायएच अस्पताल भी पहुंचे, वहां एडमिट पीड़िता के परिवार जनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और पीड़िता की चिकित्सा संबंधी जानकारी ली। भूरिया ने कांग्रेस पार्टी की तरफ से पीड़िता के परिजनों को एक लाख रुपए की राशि भी प्रदान की।
मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ विधानसभा क्षेत्र एवं आलीराजपुर जिले के अंतर्गत आने वाले थाना बोरी मैं शुक्रवार एवं शनिवार की दरमियानी रात में अज्ञात सशस्त्र बदमाशों द्वारा एक विधवा महिला के घर लूटपाट कर उसके साथ दुष्कर्म के बाद मानवीयता को शर्मसार कर देने वाले क्रूरतम एवं जघन्य अमानवीय कृत्य को कारित किया गया। उक्त जघन्यतम घटना के बाद समूचे झाबुआ, आलीराजपुर जिलों में घटना को लेकर लोग आक्रोशित हैं, और ग्राम बोरी में तनाव का वातावरण बना। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने बोरी थाने का घेराव एवं नगर बंद किया। आलीजराजपुर जिले में अनेक स्थानों पर प्रदर्शन कर सभी आरोपित बदमाशों की अविलंब गिरफ्तारी एवं कठौर सजा की मांग की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ आलीराजपुर सहित झाबुआ जिलों का राजनीतिक माहौल गर्मा गया है, और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी भाजपा के नेताओं के बीच आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया, जो कि आज मंगलवार पर्यंत जारी है।
घटना के परिप्रेक्ष्य में झाबुआ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक डॉ विक्रांत भूरिया, आलीराजपुर जिला के अंतर्गत आने वाली जोबट विधानसभा क्षेत्र की कांग्रेस विधायक सेना पटेल एवं कांग्रेस शासन में पूर्व केबिनेट मंत्री विजय लक्ष्मी साधो आलीराजपुर के पूर्व विधायक महेश पटेल सहित कांग्रेस के अन्य विधायकों एवं नेताओं ने घटना के बाद पीड़िता के घर पहुंच कर एवं उसके परिजनों से भेंट कर आर्थिक सहायता प्रदान की। वहीं घटना के तीसरे दिन ग्राम बोरी पहुंचे आलीराजपुर विधायक एवं मध्य प्रदेश शासन में केबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान एवं उनकी पत्नी सांसद अनिता चोहान ने वहां पीड़िता महिला के परिजनों से बात करते हुए उनके साथ दुःख साझा किया, और सभी आरोपित बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी की बात कही।
उक्त हृदय विदारक घटनाक्रम को लेकर इधर एक तरफ़ झाबुआ से कांग्रेस विधायक डॉ विक्रांत भूरिया ने झाबुआ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एवं आलीराजपुर जिले के ग्राम बोरी में विधवा महिला के साथ हुए दुष्कर्म को अमानवीय एवं शर्मनाक कृत्य बताते हुए इसे प्रशासन एवं पुलिस का नाकारापन करार दिया है, और सवाल उठाया कि आखिर पुलिस एवं प्रशासन का रवैया लचीला क्यों है? भूरिया ने उक्त घटना को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार एवं मुख्य मंत्री पर निशाना साधा है, और इस घटना सहित प्रदेश में घटित अन्य घटनाओं के पीछे प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव पर नीतिगत सवाल उठाए हैं, साथ ही भूरिया के साथ बोरी पहुंची पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ ने आलीराजपुर विधायक नागरसिंह चौहान पर घटना को हल्के में लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि चौहान के गृह जिले में घटित हुई घटना के तीन दिन बीतने पर चौहान को पीड़िता की सुध लेने का समय मिला।
विधायक डॉ विक्रांत भूरिया और विजय लक्ष्मी साधो सहित वहां पहुंचे कांग्रेस के नेताओं ने शासन से मांग की है कि घटना के सभी आरोपितों की तुरंत गिरफ्तारी और कठोर सजा सहित पीड़िता को अविलंब आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, वहीं दूसरी तरफ घटना के बाद अपनी सांसद पत्नी अनिता चोहान के साथ ग्राम बोरी पहुंचे प्रदेश सरकार में केबिनेट मंत्री एवं आलीराजपुर विधायक नागरसिंह चौहान ने इस घटना को अमानवीय और जघन्य कृत्य बताया।
उन्होंने कहा कि अपराधी चाहे वह कोई भी हो, केवल अपराधी होता है,और वह दंड का भागी है। इस घटनाक्रम को लेकर चौहान ने कांग्रेस नेताओं को राजनीति नहीं करने की नसीहत दी। चौहान ने महिला के साथ घटित हैवानियत की कड़ी भर्त्सना करते हुए कहा कि इस घटना के बाद पुलिस सक्रीयता से कार्य कर रही है, सभी आरोपितों को जल्द पकड़ लिया जाएगा, और कानून के द्वारा उन्हें कठोर सजा दी जाएगी। चौहान ने यह भी कहा कि घटना के परिप्रेक्ष्य में जिले के लोगों से रायशुमारी कर ऐसी कार्य प्रणाली विकसित की जानी चाहिए, जिससे न केवल ऐसे आपराधिक कृत्यो पर अंकुश लगाया जा सके, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जा सके कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होने पाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

